कोरिया की बेटी अंशिका कश्यप ने रचा इतिहास, टॉप-10 में बनाई जगह, कलेक्टर ने घर पहुंचकर किया सम्मान ।

कोरिया की बेटी अंशिका कश्यप ने रचा इतिहास, टॉप-10 में बनाई जगह, कलेक्टर ने घर पहुंचकर किया सम्मान

 

कोरिया। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से सफलता की नई इबारत लिखने वाली कोरिया जिले की बेटी अंशिका कश्यप ने हाई स्कूल परीक्षा में 98.17 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में छठवां स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। टॉप-10 में जगह बनाकर अंशिका ने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे कोरिया जिले को गौरवान्वित किया है।

अंशिका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी और जिला शिक्षा अधिकारी स्वयं उनके घर पहुंचे। पुष्पगुच्छ भेंट कर अंशिका का स्वागत किया, हाथों से मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि अंशिका की सफलता पूरे जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।

स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम उत्कृष्ट विद्यालय, महलपारा बैकुंठपुर की छात्रा अंशिका ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। पिता एमआर व मां शिक्षिका हैं परिवार के सहयोग व शिक्षकों के मार्गदर्शन से अंशिका ने साबित कर दिया कि बुलंद हौसलों और समर्पण के दम पर कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि अंशिका ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है, यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे शिक्षा जगत के लिए गर्व का क्षण बताया।

अंशिका की सफलता से स्कूल, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और परिजनों ने इसे अंशिका की वर्षों की मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया।

एक बेटी की यह कामयाबी आज हजारों विद्यार्थियों के लिए मिसाल बन गई है। कोरिया की बेटी अंशिका कश्यप ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा अवसर की मोहताज नहीं होती, बल्कि संघर्ष और संकल्प से इतिहास रचा जाता है।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Wednesday, April 29, 2026 1:10 PM

Leave a Comment