एमसीबी _पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित, अफवाहों से बचने की अपील।

एमसीबी _पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित, अफवाहों से बचने की अपील।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि केवल वाहनों में ही पेट्रोल और डीजल दिया जाए, जबकि बोतल, डिब्बे या अन्य कंटेनरों में ईंधन देने पर प्रतिबंध रहेगा।

जिला प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी जिला कार्यालय की खाद्य शाखा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रतिदिन की औसत खपत के अनुसार कम से कम तीन दिनों का ईंधन भंडारण बनाए रखने को कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार जिले में वर्तमान में पेट्रोल का लगभग एक लाख 91 हजार लीटर और डीजल का लगभग एक लाख 93 हजार लीटर स्टॉक उपलब्ध है। वहीं जिले में पेट्रोल और डीजल से भरे कुल 1572 टैंकर भी उपलब्ध बताए गए हैं, जिससे ईंधन आपूर्ति लगातार जारी रहेगी।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और संबंधित नियमों के तहत अवैध भंडारण या कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Friday, May 15, 2026 2:27 AM

Leave a Comment