अपनों से बिछड़ों को मिलाने में कोरिया पुलिस की बड़ी सफलता कोरिया एसपी ने “ऑपरेशन तलाश / मुस्कान” में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

अपनों से बिछड़ों को मिलाने में कोरिया पुलिस की बड़ी सफलता

कोरिया एसपी ने “ऑपरेशन तलाश / मुस्कान” में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

कोरिया। गुम हुए लोगों को उनके परिवार से मिलाने के लिए चलाए गए “ऑपरेशन तलाश / ऑपरेशन मुस्कान” अभियान में जिला पुलिस कोरिया ने सराहनीय सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों और जिलों में लगातार खोजबीन कर कुल 13 गुम इंसानों को सुरक्षित दस्तयाब किया, जिनमें 3 नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे प्रदेश में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। जिला कोरिया पुलिस द्वारा गठित विशेष टीमों ने संवेदनशीलता, तकनीकी सहयोग और निरंतर प्रयासों के माध्यम से गुम व्यक्तियों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाने का मानवीय कार्य किया।

अभियान के दौरान सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र त्रिपाठी, आरक्षक उज्जैन पुरी और महिला आरक्षक विनीता राज ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर और शिवपुरी से 2 गुम इंसानों को सुरक्षित दस्तयाब किया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल था। वहीं प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी ने हैदराबाद, झारखंड तथा छत्तीसगढ़ के कोरिया, सरगुजा, बलरामपुर और सूरजपुर जिलों से 7 गुम इंसानों को खोज निकाला, जिनमें 2 नाबालिग बच्चे शामिल हैं।

इसके अलावा महिला प्रधान आरक्षक सुनीता एक्का ने वीडियो कॉल और तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए बेंगलुरु, तमिलनाडु, झारखंड और हरियाणा से 4 गुम इंसानों को दस्तयाब कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने 20 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सभी पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर एसपी ने कहा कि गुम व्यक्तियों को उनके परिवार से मिलाना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा है। जिला कोरिया पुलिस ने इस अभियान को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ सफल बनाया है।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Wednesday, May 20, 2026 8:30 AM

Leave a Comment