अवैध प्रवासियों की सूचना दें, पहचान गोपनीय रहेगी_एमसीबी पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह की अपील

अवैध प्रवासियों की सूचना दें, पहचान गोपनीय रहेगी : एमसीबी पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह की अपील

 

मनेन्द्रगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एमसीबी पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने जिले के नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा केवल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का भी यह नैतिक दायित्व है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के अवैध रूप से भारत में निवास करने, उसकी पहचान, गतिविधियों या ठिकाने को लेकर किसी प्रकार का संदेह हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। समय पर दी गई छोटी-सी जानकारी भी किसी बड़ी आपराधिक घटना या सुरक्षा संबंधी खतरे को टालने में अहम भूमिका निभा सकती है।

एमसीबी पुलिस की ओर से जारी जनजागरूकता संदेश में लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति का नाम, पता, गतिविधियां, पहचान पत्र अथवा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस प्रत्येक सूचना का गंभीरता से सत्यापन करेगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए एमसीबी पुलिस की ओर से 24 घंटे संचालित टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से भी तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने के बजाय सीधे पुलिस को सूचित करें। साथ ही अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया गया है।

एमसीबी पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि “सतर्क नागरिक, सुरक्षित समाज” की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए। आपकी एक छोटी-सी सूचना समाज में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Friday, July 31, 2026 2:20 PM

Leave a Comment