बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, दो महीने तक चलेगा अभियान

बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, दो महीने तक चलेगा अभियान

कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन में कांग्रेस की जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों, स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद होने और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद लोगों के बिजली बिलों में काफी बढ़ोतरी हुई है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से गलत रीडिंग, उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाने और आर्थिक शोषण जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। पार्टी ने सरकार से बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करने और पहले से लगाए गए स्मार्ट मीटरों को हटाने की मांग की है।

कांग्रेस के अनुसार, 2 अगस्त से कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से आवेदन और विरोध पत्र भरवाएंगे। यह अभियान अगले दो महीनों तक चलाया जाएगा। इसके बाद जिला मुख्यालयों में स्थित बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा और एकत्रित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपे जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की भी तैयारी की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, मुख्तार अहमद, बृजवासी तिवारी, बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव, शैलेन्द्र सिंह, अजय सिंह, गणेश राजवाड़े, विकास श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Saturday, August 1, 2026 3:25 PM

Leave a Comment