राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया नमन, सद्भावना और एकता का लिया संकल्प

राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया नमन, सद्भावना और एकता का लिया संकल्प

 

बैकुंठपुर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाते हुए कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के देश के प्रति योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। युवाओं को नई दिशा देने के साथ ही उन्होंने तकनीक, संचार और आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव की नींव मजबूत करने का कार्य किया।

 

कांग्रेसजनों ने कहा कि राजीव गांधी जाति, धर्म और संप्रदाय के संकीर्ण दायरे से ऊपर उठकर देश में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के पक्षधर थे। उन्होंने फिरकापरस्ती, घृणा, आतंकवाद, अशिक्षा और गरीबी के खिलाफ संघर्ष करते हुए एक मजबूत और खुशहाल भारत का सपना देखा।

 

जयंती के अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा समाज में सद्भाव, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टीजन उपस्थित रहे।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Thursday, August 20, 2026 10:28 PM

Leave a Comment