राहुल गांधी के खिलाफ FIR पर कांग्रेस का जोरदार विरोध, बैकुंठपुर थाने के सामने जमकर नारेबाजी

राहुल गांधी के खिलाफ FIR पर कांग्रेस का जोरदार विरोध, बैकुंठपुर थाने के सामने जमकर नारेबाजी

बैकुंठपुर, कोरिया | 31 अगस्त 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में कोरिया जिला कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकालते हुए बैकुंठपुर थाना पहुंचकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में कथित जातिगत भेदभाव और ‘शुद्धिकरण अनुष्ठान’ के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज किया जाना दुर्भावनापूर्ण और प्रतिशोध की राजनीति है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जातिगत भेदभाव की घटना को लेकर दोषियों के खिलाफ FIR और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय नेता प्रतिपक्ष को ही निशाना बनाया जा रहा है, जो भाजपा सरकार की दमनकारी राजनीति को दर्शाता है।

कांग्रेस ने प्रदर्शन के माध्यम से कथित तौर पर घटना में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने और राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज FIR को वापस लेने की मांग की।

कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के साथ पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी जी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, सुरेश सिंह, जनपद अध्यक्ष उदय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने और मामले के कथित दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Monday, August 31, 2026 5:51 PM

Leave a Comment