चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’, बैकुंठपुर में निकाला मार्च

चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’, बैकुंठपुर में निकाला मार्च

 

बैकुंठपुर, कोरिया | 04 सितम्बर 2026। देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई तथा चीनी की कीमतों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को बैकुंठपुर में ‘चीनी सत्याग्रह’ आयोजित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से गांधी पार्क तक सत्याग्रह मार्च निकालकर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।

 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत की नीतियों और नमक पर लगाए गए कर के विरोध में नमक सत्याग्रह किया था। आज आम जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में सत्याग्रह कर रही है।

 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गन्ने से बड़े पैमाने पर इथेनॉल उत्पादन किए जाने का असर चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीब, मध्यमवर्गीय और श्रमिक परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। साथ ही एलपीजी सिलेंडर, बिजली और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों पर भी सरकार को घेरा गया।

 

कांग्रेस ने केंद्र एवं राज्य सरकार से चीनी की कीमतों पर नियंत्रण करने, कालाबाजारी रोकने और बाजार में पर्याप्त एवं सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

 

इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, संयुक्त प्रदेश महामंत्री वेदांती तिवारी, महामंत्री बृजवासी तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Friday, September 4, 2026 4:52 PM

Leave a Comment