नौकरी लगाने के नाम पर 13.69 लाख रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

नौकरी लगाने के नाम पर 13.69 लाख रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

 

बैकुण्ठपुर, कोरिया। नौकरी दिलाने के नाम पर 13 लाख 69 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में बैकुण्ठपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र के आमापारा निवासी संतोष कुमार सारथी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुराधा भगत और अन्य लोगों ने छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि रकम वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।

 

कई किश्तों में लिए गए रुपये

 

शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने 16 अप्रैल 2024 से 28 मार्च 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में नगद और बैंक खाते के माध्यम से कुल 13 लाख 69 हजार रुपये प्राप्त किए थे। जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 301/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3), 61(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

 

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनुराधा लकड़ा (32 वर्ष), निवासी कछार, जिला सरगुजा, वर्तमान निवास अंबिकापुर और जोखन लाल (61 वर्ष), निवासी सरभोका गोहला सरई, थाना पटना, वर्तमान निवास बैकुण्ठपुर को 15 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

 

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी से जुड़े इस प्रकरण में पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।

 

 

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Thursday, October 15, 2026 9:26 PM

Leave a Comment