बैकुंठपुर में स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल, बड़ी संख्या में नई लाइटें खराब होने का आरोप

बैकुंठपुर में स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल, बड़ी संख्या में नई लाइटें खराब होने का आरोप

ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से शासन की मंशा पर पानी फेरने का आरोप, जांच की मांग

बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और ट्यूबलर पोल के कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भाजपा नेता एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने बड़ी संख्या में नई लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के खराब होने और निर्माण कार्यों में कथित तौर पर गुणवत्ता विहीन सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

शारदा गुप्ता ने इस संबंध में बैकुंठपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात की और नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बैकुंठपुर शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए करोड़ों रुपये की लागत से ट्यूबलर पोल सह स्ट्रीट लाइट के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके बावजूद शहर के कई हिस्सों में नई-नई लगाई गई लाइटें भी काम नहीं कर रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में चल रहे स्ट्रीट लाइट और ट्यूबलर पोल के कार्यों में भी कथित तौर पर मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। सामने दिखाई देने वाले कार्यों में यदि गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है, तो ट्यूबलर पोल और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

बरसात में प्रकाश व्यवस्था की जरूरत सबसे ज्यादा

शारदा गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में बारिश का मौसम है। ऐसे में रात के समय खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अंधेरे वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नगर विकास के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता हुआ तो शासन की मंशा पर पानी फिर सकता है।

उन्होंने स्ट्रीट लाइट, ट्यूबलर पोल, लगाए जा रहे तार और उपयोग की जा रही अन्य सामग्री की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया है।

शारदा गुप्ता ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र जांच और कार्रवाई नहीं होती है, तो मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रालय और उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

वहीं, नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद जांच कब शुरू होती है और शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों तथा कथित गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर नगर पालिका प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Friday, July 24, 2026 9:56 PM

Leave a Comment