भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कार में जलकर मौत, यह केवल एक दर्दनाक हादसा या एक बड़ी साजिश,सोनहत के नौगई गांव में सनसनी

भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कार में जलकर मौत, सोनहत के नौगई गांव में सनसनी

कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में बुधवार तड़के एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं व्यवसायी भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की उनकी ही फॉर्च्यूनर कार के अंदर जलकर मौत हो गई। घटना मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया और शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से पहले रेत कारोबार से जुड़े किसी विवाद को लेकर गांव के एक परिवार और भरत सिंह के बीच कहासुनी एवं विवाद की स्थिति बनी थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि अब तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना में नागेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर आग लगने के बाद भरत सिंह वाहन से बाहर क्यों नहीं निकल पाए? क्या यह केवल एक हादसा था या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है? इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और जिज्ञासा का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुबह होते ही जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुटने लगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Wednesday, June 17, 2026 1:45 AM

Leave a Comment