छात्रावास में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
ताला तोड़कर TV, मॉनिटर, जेवर और नकदी समेत करीब 2.30 लाख की चोरी का मामला
कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र में प्री-मैट्रिक छात्रावास की अधीक्षिका के आवास में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सामग्री में से करीब 1 लाख 80 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद कर जब्त किया गया है।
22 अप्रैल को हुई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, 22 अप्रैल 2026 को प्री-मैट्रिक छात्रावास पटना की अधीक्षिका के आवास का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सैमसंग एलईडी टीवी, कंप्यूटर मॉनिटर, सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख 30 हजार 600 रुपये बताई गई थी।
मामले में थाना पटना में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को मिली सफलता
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना और पुलिस की तस्दीक के आधार पर दो संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
1.80 लाख का चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सैमसंग एलईडी टीवी, कंप्यूटर मॉनिटर, सोने की चेन, चांदी की पायल और कान की बाली, जिसकी कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त किया है।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने मामले में महबूब रजा उर्फ बाबू (19 वर्ष) निवासी सरना पारा वार्ड क्रमांक 05 थाना पटना और सौरभ गुप्ता उर्फ राजा गुप्ता (24 वर्ष) निवासी सरना पारा वार्ड क्रमांक 05 थाना पटना को 29 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है।
इनकी रही अहम भूमिका
चोरी की घटना के खुलासे में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, आरक्षक संदीप साय और प्रदीप साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

