चक्रधर महोत्सव में कोरिया के आयुष नामदेव का जलवा, सुरों पर झूमा रायगढ़
रायगढ़/कोरिया। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित और देशभर में चर्चित चक्रधर महोत्सव 2026 के समापन समारोह में कोरिया जिले के युवा गायक आयुष नामदेव ने अपनी शानदार गायकी से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों और संगीत की गूंज से झूम उठा। आयुष की दमदार प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया।
चक्रधर महोत्सव के भव्य समापन समारोह में बॉलीवुड की मशहूर गायिका कविता कृष्णमूर्ति के साथ आयुष नामदेव की प्रस्तुति भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद आयुष ने सूफी, गजल, बॉलीवुड के लोकप्रिय नगमों के साथ पुराने और नए गीतों तथा छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति देकर संगीत की विविध रंगों से दर्शकों को बांधे रखा।
आयुष की आवाज और उनकी मंचीय प्रस्तुति का असर ऐसा रहा कि पूरे कार्यक्रम स्थल में दर्शक उनके गीतों के साथ झूमते नजर आए। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों की ओर से लगातार तालियों और उत्साह के साथ सराहना मिली।
मंच पर हुआ सम्मान
आयुष नामदेव की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और धर्मजयगढ़ के सांसद देवेंद्र सिंह ने उन्हें मंच पर स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान कोरिया जिले के लिए भी गौरव का अवसर बना।
सोशल मीडिया पर भी छाया आयुष का प्रदर्शन
चक्रधर महोत्सव में आयुष नामदेव की प्रस्तुति का असर कार्यक्रम स्थल तक ही सीमित नहीं रहा। उनके मंचीय प्रदर्शन के वीडियो और रील्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देख और शेयर कर रहे हैं। कई सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स ने भी उनकी प्रस्तुति के वीडियो अपने प्लेटफॉर्म पर साझा किए हैं।
चक्रधर महोत्सव जैसे बड़े मंच पर मिली इस उपलब्धि ने आयुष नामदेव को कोरिया जिले के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के संगीत प्रेमियों के बीच नई पहचान दिलाई है। युवा गायक की इस सफलता को जिले के लिए भी गौरव के रूप में देखा जा रहा है।

