एसबीआई की संवेदनशील पहल: दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को मिले ₹20 लाख के बीमा क्लेम, पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने आश्रितों को सौंपे ₹10-10 लाख के चेक, सैलरी पैकेज के बीमा लाभ की दी जानकारी

एसबीआई की संवेदनशील पहल: दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को मिले ₹20 लाख के बीमा क्लेम

 

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने आश्रितों को सौंपे ₹10-10 लाख के चेक, सैलरी पैकेज के बीमा लाभ की दी जानकारी

 

बैकुंठपुर। भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा बैकुंठपुर ने सैलरी पैकेज के तहत दो दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को कुल ₹20 लाख का बीमा क्लेम प्रदान किया। दोनों परिवारों को ₹10-10 लाख की बीमा राशि के चेक कोरिया पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने सौंपे।

 

एसबीआई बैकुंठपुर शाखा के मुख्य प्रबंधक राम जी सोनी ने बताया कि पुलिस विभाग सूरजपुर की विशेष शाखा में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ रहे स्व. मनोज सिंह का बीमारी के कारण असामयिक निधन हो गया था। उनका वेतन खाता एसबीआई बैकुंठपुर में पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) के तहत संचालित था। निधन की जानकारी मिलने के बाद बैंक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद स्व. मनोज सिंह की धर्मपत्नी बबीता सिंह को ₹10 लाख का क्लेम चेक प्रदान किया गया।

 

इसी तरह सिंचाई विभाग बैकुंठपुर में पदस्थ रहे स्व. मोतीलाल का वेतन खाता स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज (SGSP) के अंतर्गत संचालित था। उनके निधन के बाद बैंक द्वारा तेजी से क्लेम प्रक्रिया पूरी कराई गई और उनके परिवार को भी ₹10 लाख की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए संकट की घड़ी में एसबीआई बैकुंठपुर शाखा द्वारा दिखाई गई त्वरित और संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की।

 

बिना अतिरिक्त शुल्क मिलती हैं कई सुविधाएं

 

मुख्य प्रबंधक राम जी सोनी ने बताया कि एसबीआई के सैलरी पैकेज के अंतर्गत पुलिस, रेलवे, SECL, सेना, राज्य सरकार और केंद्र सरकार के नियमित कर्मचारियों को विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं के साथ सामान्य बीमा और दुर्घटना बीमा जैसे लाभ भी उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं के लिए निर्धारित सैलरी पैकेज की पात्रता महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने शासकीय एवं अर्धशासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की स्थिति की जांच करें। यदि उनका वेतन खाता सामान्य बचत खाते के रूप में संचालित हो रहा है, तो संबंधित एसबीआई शाखा से संपर्क कर पात्रता के अनुसार उसे सैलरी पैकेज में परिवर्तित कराने की जानकारी लें।

 

एसबीआई शाखा ने कहा कि ऐसे कठिन समय में बैंक का प्रयास है कि पात्र परिवारों को बीमा संबंधी लाभ की प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें समय पर सहायता मिल सके।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Wednesday, August 12, 2026 3:41 PM

Leave a Comment