गांधी जयंती पर मनरेगा में ‘काम मांगो अभियान’ की शुरुआत, चेरवापारा में ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन

गांधी जयंती पर मनरेगा में ‘काम मांगो अभियान’ की शुरुआत, चेरवापारा में ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन

 

रोजगार कार्य उपलब्ध नहीं होने का ग्रामीणों ने उठाया मुद्दा, जॉब कार्डधारियों ने पंचायत के माध्यम से काम की मांग की

 

बैकुंठपुर/कोरिया। गांधी जयंती के अवसर पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, जिला कोरिया की ओर से जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चेरवापारा में मनरेगा के तहत ‘काम मांगो अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष गणेश राजवाड़े ने किया।

 

अभियान के दौरान संगठन की ओर से ग्रामीणों को मनरेगा के तहत रोजगार पाने के अधिकार और काम की मांग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। संगठन ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के नाम में किए गए बदलाव का भी विरोध दर्ज कराया और ग्रामीणों को इस मुद्दे पर जागरूक किया।

 

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में गांव में मनरेगा के तहत पर्याप्त रोजगार कार्य उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर रोजगार नहीं मिला तो आर्थिक परेशानियों के साथ पलायन की स्थिति भी बन सकती है।

 

इसी को लेकर गांव के जॉब कार्डधारी ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव के माध्यम से मनरेगा में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने हिस्सा लिया।

 

15 दिन में काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ते का दावा

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गणेश राजवाड़े ने कहा कि मनरेगा में जॉब कार्डधारी परिवारों को काम मांगने का अधिकार है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि रोजगार की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम की मांग का आवेदन जरूर दें।

 

उन्होंने कहा कि मनरेगा के प्रावधानों के अनुसार काम की मांग के बाद निर्धारित अवधि में रोजगार उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पात्र जॉब कार्डधारियों को बेरोजगारी भत्ते का अधिकार हो सकता है। इसके लिए काम मांगने का आवेदन और संबंधित प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।

 

अभियान के दौरान ग्रामीणों ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अपने आवेदन पंचायत के माध्यम से सौंपे। संगठन ने आगे भी ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और मनरेगा से जुड़े अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Saturday, October 3, 2026 6:51 PM

Leave a Comment