कोरिया एसपी हरीश राठौर के निर्देशन में पुलिस की बड़ी सफलता, गौ मांस के अवशेष सहित टांगी और चाकू बरामद
गौ हत्या मामले में कोरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 30 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार
कोरिया। जिले के पोड़ी बचरा चौकी क्षेत्र में गौ हत्या के मामले में कोरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज 30 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से गौ मांस के अवशेष तथा घटना में प्रयुक्त टांगी और चाकू बरामद किए गए हैं।
खेत में मिले थे गौवंश के अवशेष
मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र की चौकी पोड़ी बचरा के ग्राम पोड़ी कंवरपारा का है। 26 सितंबर 2026 को गांव के पीछे गड्ढे वाले खेत में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना सामने आई थी। सरपंच सुशीला पति जय प्रकाश सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी के निर्देशन में बनी टीम, फॉरेंसिक और साइबर टीम ने जुटाए सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन और एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड, साइबर सेल और पोड़ी बचरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हुई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। पूछताछ के दौरान संजय कुमार कुर्रे, धर्मेन्द्र कुर्रे, सुभाष कुर्रे, विक्की उर्फ अमन कुमार कुर्रे और एक नाबालिग आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
पूछताछ में घटना स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में गौ मांस के अवशेष और अपराध में प्रयुक्त टांगी एवं चाकू बरामद किए गए।
सभी आरोपियों को 28 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
एसपी की निगरानी में त्वरित कार्रवाई की सराहना
इस पूरे मामले में पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि एफआईआर दर्ज होने के लगभग 30 घंटे के भीतर अज्ञात आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की गई। गंभीर प्रकृति के मामले में पुलिस की त्वरित जांच, साइबर तकनीक के इस्तेमाल और विभिन्न टीमों के बीच समन्वय को कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
कोरिया पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ पशु क्रूरता, साइबर अपराध और महिला संबंधी अपराधों सहित अन्य मामलों में भी त्वरित और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

