कोरिया में दर्दनाक सड़क हादसे का खुलासा, 50 से अधिक CCTV कैमरों की जांच से हुई बोलेरो पिकअप की पहचान

कोरिया में दर्दनाक सड़क हादसे का खुलासा, 50 से अधिक CCTV कैमरों की जांच से हुई बोलेरो पिकअप की पहचान

 

चार महिलाओं की हुई थी मौत, हादसे के बाद वाहन सहित फरार हो गया था चालक

 

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में चार महिलाओं की मौत से जुड़े दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पटना क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद फरार वाहन और चालक की पहचान करने के लिए पुलिस ने 50 से अधिक शासकीय एवं निजी CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों, वीडियो एनहांसमेंट और फ्रेम-बाय-फ्रेम विश्लेषण के आधार पर दुर्घटनाकारित बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक JH 03 AU 6791 की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक की पहचान झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी राजू कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

 

तीज नहावन कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं के ऑटो को मारी थी टक्कर

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम छिंदिया निवासी अमित सिंह अपने ऑटो में ग्राम बिलारो से तीज नहावन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही लगभग 14 से 15 महिलाओं को लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान थाना पटना क्षेत्र के ग्राम करजी तालाब के पास बैकुंठपुर की ओर से आ रहे एक बोलेरो पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

 

दुर्घटना में ऑटो सवार कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चंदमती समेत चार महिलाओं की मौत हो गई।

 

50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन में फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए विशेष पुलिस एवं तकनीकी टीम गठित की गई।

 

घटना रात के समय होने और शुरुआती जांच में वाहन का स्पष्ट सुराग नहीं मिलने के कारण पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। घटनास्थल से बैकुंठपुर शहर, प्रमुख मार्गों, तिराहों, टोल नाकों और संभावित निकास मार्गों पर लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीम ने घटना के समय के अनुसार वीडियो फुटेज का विश्लेषण कर वाहन की आवाजाही की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया।

 

वीडियो एनहांसमेंट से हुई वाहन की पहचान

 

रात के अंधेरे और वाहन की तेज रफ्तार के कारण शुरुआती फुटेज में नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी। इसके बाद साइबर सेल और तकनीकी टीम ने वीडियो एनहांसमेंट टूल्स तथा फ्रेम-बाय-फ्रेम विश्लेषण की मदद ली। वाहन के बॉडी स्ट्रक्चर, लाइट पैटर्न और अन्य विशिष्ट निशानों का मिलान कर संदिग्ध वाहन को चिन्हित किया गया।

 

लगातार तकनीकी जांच और रिकॉर्ड के मिलान के बाद पुलिस ने दुर्घटनाकारित बोलेरो पिकअप क्रमांक JH 03 AU 6791 की पहचान की। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक राजू कुमार गुप्ता निवासी ग्राम एवं थाना रमकंडा, जिला गढ़वा, झारखंड के रूप में चिन्हित हुआ है।

 

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

 

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशा सेन एवं मोहसीन खान के नेतृत्व में थाना प्रभारी पटना प्रमोद पांडे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश सुरपाम एवं सुंदरलाल नरेटी, सहायक उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, संदीप साय, प्रदीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, आरक्षक अमल कुजूर, राजेश रगड़ा, सजल जायसवाल तथा सैनिक विकास सिंह, अमृतानंद, राघवेंद्र पुरी एवं शिवम सिन्हा की सराहनीय भूमिका रही।

 

कोरिया पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकरण में आधुनिक तकनीक और CCTV फुटेज का उपयोग फरार वाहन की पहचान करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

 

 

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Monday, October 19, 2026 7:50 PM

Leave a Comment