कोरिया में ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर यूथ पार्लियामेंट का आयोजन, युवाओं को दिया जागरूकता का संदेश

कोरिया में ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर यूथ पार्लियामेंट का आयोजन, युवाओं को दिया जागरूकता का संदेश

 

सेजेस खरवत में आयोजित कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर हुई चर्चा, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति युवाओं को किया प्रेरित

 

कोरिया, 10 अक्टूबर 2026। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माय भारत, जिला कोरिया द्वारा शनिवार को सेजेस खरवत में ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में शामिल चार रिसोर्स पर्सन्स ने युवाओं को नशे के विभिन्न प्रकारों और उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, करियर, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवावस्था में नशे की शुरुआत भविष्य के विकास और सही निर्णय लेने की क्षमता के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।

 

युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

 

यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से युवाओं को सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखने, तार्किक संवाद करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिला। वक्ताओं ने नशामुक्ति को केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए युवाओं से अपने परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और समुदाय में जागरूकता फैलाने की अपील की।

 

कार्यक्रम में युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और अपने साथियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

 

युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर

 

इस अवसर पर प्राचार्य राधेश्याम गुप्ता, शारदा गुप्ता, प्रशांत राजवाड़े और सपना विश्वास उपस्थित रहे। जिला युवा अधिकारी सुश्री चहल कैलाशिया ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए युवाओं के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

कार्यक्रम का संचालन माय भारत, कोरिया के कार्यालय सहायक राजीव साहू ने किया। आयोजन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रगति, सुकन्या, बालकुंवर, लालचंद और टिकेश्वर के साथ युवा मंडल सदस्य कौसर खान एवं शोल्डी शुक्ला ने भी सहयोग दिया।

 

माय भारत, जिला कोरिया की यह पहल युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि नशे से दूरी, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच ही सशक्त युवा तथा विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं।

 

 

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Saturday, October 10, 2026 3:34 PM

Leave a Comment