कर्तव्यनिष्ठ आरक्षक के परिवार को मिला 10 लाख का संबल, एसपी रत्ना सिंह ने सौंपा सहायता राशि का चेक
पुलिस सैलरी पैकेज के तहत दिवंगत आरक्षक रामधन कुम्भज की पत्नी को मिली आर्थिक सहायता
एमसीबी, 25 अगस्त 2026। दिवंगत आरक्षक रामधन कुम्भज के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने दिवंगत आरक्षक की पत्नी रेणुका कुम्भज को पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) के अंतर्गत 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
रक्षित केन्द्र मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ रहे आरक्षक रामधन कुम्भज ने पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी सेवाएं दी थीं। उनका 28 अप्रैल 2026 को असमय निधन हो गया था। उनके निधन से पुलिस विभाग के साथ ही परिवार में भी शोक की स्थिति निर्मित हो गई थी।
ऐसे कठिन समय में पुलिस विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI), सिटी ब्रांच मनेन्द्रगढ़ के माध्यम से पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया पूरी कराई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता राशि का चेक दिवंगत आरक्षक की पत्नी को सौंपा गया।
चेक प्रदान करते हुए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों के सुख-दुख में भी मजबूती से खड़ा है।
इस प्रकरण में सहायता राशि की प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य लिपिक पंकज नेमा एवं कार्यालयीन स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाली राशि समय पर परिवार तक पहुंचाई जा सकी।
दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिली यह आर्थिक सहायता संकट की घड़ी में पुलिस विभाग की संवेदनशीलता और अपने कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाती है।

