मनेंद्रगढ़-चिरमिरी में कांग्रेस का जोरदार विरोध, अलग-अलग स्थानों पर फूंका पीएम का पुतला
मनेंद्रगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर छात्र समुदाय के समर्थन और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व सहित सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी जिले में कांग्रेस के विभिन्न संगठनों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जिले के अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में मनेंद्रगढ़ के खेड़िया तिराहा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे। यहां प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और छात्र हितों की रक्षा के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
इसी कड़ी में युवा कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष हाफिज मेमन के नेतृत्व में चिरमिरी के हल्दीबाड़ी में विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र समुदाय और लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में अपना विरोध दर्ज कराया।
वहीं एनएसयूआई ने जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी के नेतृत्व में बड़ी बाजार स्थित दुर्गा पंडाल में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर छात्र हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया गया।
महिला कांग्रेस ने पूर्व जिला अध्यक्ष रूमा चटर्जी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने महिलाओं, छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ की गई कार्रवाई की निंदा करते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को उठाने वाले जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी अन्याय तथा दमनकारी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में कांग्रेस के सभी प्रमुख संगठनों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर एक साथ किया गया प्रदर्शन संगठन की एकजुटता को दर्शाता है। जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस ने लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संदेश दिया है।
जिलेभर में आयोजित विरोध प्रदर्शनों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और संविधान, लोकतंत्र तथा जन अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

