न्यू लाईफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने वृद्धाश्रम पहुंचकर जाना बुजुर्गों का हाल
स्वास्थ्य जांच के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी दी जानकारी, वृद्धजनों को भेंट किए टॉवेल
बैकुंठपुर। न्यू लाईफ हेल्थ एण्ड एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित न्यू लाईफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, बैकुंठपुर के बी.एससी. नर्सिंग पांचवें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने 25 अगस्त 2026 को अंबिकापुर स्थित वृद्धाश्रम का शैक्षणिक भ्रमण किया। संस्था के संचालक डॉ. प्रिंस जायसवाल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में शिक्षिका संगीता चिकनजूरी, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं लक्ष्मी साहू, नर्सिंग ट्यूटर भी उपस्थित रहीं।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने वृद्धजनों से मुलाकात कर वृद्धावस्था में होने वाली विभिन्न कठिनाइयों और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने वृद्धजनों को स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने वृद्धजनों के स्वास्थ्य की प्राथमिक जांच की, जिसमें रक्तचाप, वजन और बुखार की जांच शामिल रही। विद्यार्थियों ने वृद्धजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों और देखभाल के बारे में भी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्हें बिस्किट वितरित किए गए।
मानवीय संवेदनाओं से जुड़े इस अवसर पर न्यू लाईफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने वृद्धजनों को भेंट स्वरूप टॉवेल भी प्रदान किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वृद्धाश्रम के प्रबंधन ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भ्रमण के अंत में छात्र-छात्राओं ने वृद्धाश्रम के प्रबंधन का धन्यवाद ज्ञापित किया। शैक्षणिक अध्ययन के साथ सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का यह अनुभव नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण रहा।

