पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में गूंजा ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश, तिरंगा रैली से जागा राष्ट्रभक्ति का जज्बा
बैकुण्ठपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा, बैकुण्ठपुर में 14 अगस्त को भव्य तिरंगा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।
रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से प्राचार्य सी.एल. कच्छवाहा की उपस्थिति में हुआ। एनसीसी अधिकारी श्री उमेश चन्द्र के मार्गदर्शन में एनसीसी कैडेट्स ने रैली की अगुवाई की। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर अमापारा और आसपास के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। विद्यार्थियों ने स्थानीय नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने विद्यालय की इस पहल का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी, सामूहिक सहभागिता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। रैली के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है।
राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए तिरंगा रैली पुनः विद्यालय परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।

