रक्षाबंधन से पहले आबकारी की बड़ी कार्रवाई, MP की 11 पेटी अवैध गोवा व्हिस्की जब्त

रक्षाबंधन से पहले आबकारी की बड़ी कार्रवाई, MP की 11 पेटी अवैध गोवा व्हिस्की जब्त

 

कोरिया। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ कोरिया जिला आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने मध्यप्रदेश से तस्करी कर लाई गई 11 कार्टून गोवा व्हिस्की जब्त की है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

11 कार्टून में 550 पाव, 99 लीटर शराब बरामद

 

कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी इंद्रप्रताप, पिता चन्दन राम, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सांवला, थाना बचरा पोड़ी के कब्जे से 11 कार्टून में कुल 550 पाव गोवा व्हिस्की बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 99 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपये है।

 

आबकारी विभाग के अनुसार जब्त शराब के कार्टून पर “FOR SALE IN MP” अंकित पाया गया, जिससे मध्यप्रदेश की बिक्री के लिए निर्धारित शराब को अन्य क्षेत्र में लाए जाने की बात सामने आई है।

 

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

 

मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 एवं 59 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। प्रकरण की विवेचना ADEO सपना सिन्हा द्वारा की गई।

 

कार्रवाई में मुख्य आरक्षक बबुआराम, आरक्षक नरेंद्र, हेमंत राजवाड़े और नगर सैनिक रोमा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल

 

आरोपी को सीजेएम न्यायालय, बैकुंठपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे 14 दिवस की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

 

आबकारी विभाग ने रक्षाबंधन सहित आगामी पर्वों को देखते हुए अवैध शराब के परिवहन, तस्करी और बिक्री पर निगरानी बढ़ा दी है। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

By: Nilesh Kumar Tiwari

On: Thursday, August 27, 2026 5:33 PM

Leave a Comment