सावन की उमंग में झूमीं महिलाएं, महिला कांग्रेस ने मनाया सावन महोत्सव
मनेन्द्रगढ़। स्वर्गीय इंदिरा गांधी पार्क, झगराखांड में महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और सावन गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।
महोत्सव में आयोजित सावन सुंदरी प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रतियोगिता में भारती सक्सेना ने प्रथम स्थान हासिल कर सावन सुंदरी का खिताब अपने नाम किया। उनकी प्रस्तुति और आत्मविश्वास की उपस्थित महिलाओं ने सराहना की।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि सावन महोत्सव भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक मंच पर लाने के साथ लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि महिला कांग्रेस का यह आयोजन महिलाओं की सक्रिय सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस शहर रूमा चटर्जी ने सावन को उमंग, उत्साह और आपसी प्रेम का पर्व बताया।
पूर्व जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस ग्रामीण निर्मला चतुर्वेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा करियाम और पूर्व पार्षद बबीता यादव ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को संवाद, मनोरंजन और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
महोत्सव के दौरान महिलाओं ने सावन गीतों और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा एक-दूसरे को सावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम में हमीदा खातून, ज्योति मजुमदार, किरण सिंह, स्नेहा सिंह, बेबी मखीजा, नमिता सिंह और नीलिमा श्यामल सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

