कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित कुमार चौक में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष सत्येंद्र रजवाड़े के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
बताया जा रहा है कि संसद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा लाए गए नारी वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने कड़ा विरोध जताया, जिसके चलते यह विधेयक पारित नहीं हो सका। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है और देशभर में विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बैकुंठपुर में भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर विरोध जताया गया।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और समय रहते पुतले को अपने कब्जे में लेकर आग बुझा दी गई, जिससे कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
इस प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

